4 Jan 2016

सेना ने बारूद लगाकर उड़ाई इमारत, एक और आतंकी मारा गया

पठानकोट एयरबेस में छिपे एक और आंतकी को मार गिराया गया। सेना, एयरफोर्स और एनएसजी के संयुक्त ऑपरेशन में कैंटीन की उस इमारत को बारूद लगाकर उड़ा दिया गया, जिसमें आतंकियों के छिपे होने की आशंका ‌थी। एयरबेस के भीतर तेज धमाका सुनाई दिया है। सुबह गोलीबारी की आवाज भी सुनाई दी।

मारे गए आतंकियों की संख्या पांच हो गई है। पांचवें आतंकी का शव कैंटीन की इमारत के पास से ही बरामद किया गया है। ये स्पष्ट नहीं है कि एयरबेस के भीतर अभी कितने आतंकी छिपे हैं, हालांकि ये माना जा रहा था कि कम से कम दो आतंकी छिपे हो सकते हैं। सेना, एनएसजी और एयरफोर्स की ओर से की गई संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस बताया गया कि आतंकी जिस इमारत में छिपे थे, वह एयरफोर्स कर्मियों के रिहायशी इलाके में है। प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि आतंकी एयरबेस उड़ाने की तैयारी करके आए थे। उनके पास काफी मात्रा में गोलाबारूद था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फिर राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर और वित्तमंत्री अरुण जेटली से मुलाकात की है।

पाकिस्तान सीमा से तकरीबन 30 किमी दूर पठानकोट एयरबेस पर शनिवार को हमले के बाद आतंकियों से मुठभेड़ का दौर रविवार को दोबारा शुरू हो गया। एयरबेस के भीतर शनिवार को चार आतंकियों के मारे जाने के बाद सरकार ने ऑपरेशन खत्म होने की घोषणा कर दी थी, लेकिन परिसर के भीतर छिपे कम से कम दो आतंकियों ने रविवार दोपहर में ग्रेनेड विस्फोट कर सुरक्षा बलों पर हमला बोल दिया।

लंबी मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार को एक और आतंकी को मार गिराया, जबकि दूसरा घायल हो गया। हालांकि, वायु सेना ने कहा है कि वह अभी नहीं बता सकती कि परिसर के अंदर कितने आतंकी छिपे हैं।

रविवार सुबह एक आतंकी के शव से बंधे लाइव ग्रेनेड को अलग करने के वक्त हुए विस्फोट में एनएसजी के लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन कुमार शहीद हो गए जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। उधर, दिल्ली में स्थिति की समीक्षा के लिए पीएम मोदी ने एक उच्चस्तरीय बैठक की।

रविवार शाम प्रेस कांफ्रेंस में पठानकोट के एयर कमांडिंग ऑफिसर जेएस धमून ने कहा कि आर्मी और एनएसजी के ऑपरेशन में अब तक चार आतंकी मारे गए और हमारे सात जवान शहीद हो गए। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि एक और आतंकी मारा जा चुका है। धमून ने बताया कि आतंकियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। ऑपरेशन अभी जारी है। अभी आतंकियों की तरफ से क्रास फायरिंग की जा रही है। अंदर कितने आतंकी हैं, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। दो दिनों से चल रहे इस ऑपरेशन में अब तक 17 जवान घायल हुए हैं। 

No comments:

Post a Comment